तमिलनाडु के राज्यपाल ने लोगों को आश्वस्त किया कि तमिलनाडु के लोग बहुत मिलनसार हैं। राज्यपाल आर. एन. रवि ने राज्य में प्रवासी श्रमिकों पर हमले की कथित अफवाहों के मद्देनजर रविवार को प्रवासी श्रमिकों की सभी आशंकाओं को दूर करने की कोशिश करते हुए कहा कि तमिलनाडु के लोग अच्छे और मिलनसार हैं। राजभवन ने इस बारे में तमिल, अंग्रेजी और हिंदी में ट्वीट किया। राजभवन ने ट्वीट किया, “राज्यपाल ने उत्तर भारतीय श्रमिकों का आग्रह किया है कि वे तमिलनाडु में न घबरायें, न असुरक्षित महसूस करें। राज्यपाल ने कहा है कि तमिलनाडु के लोग बहुत अच्छे एवं मिलनसार हैं तथा राज्य सरकार उन्हें (प्रवासी श्रमिकों को) सुरक्षा प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है।”

राज्य में सभी प्रवासी मजदूर सुरक्षित हैं
मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने बिहार के अपने समकक्ष नीतीश कुमार को शनिवार को आश्वासन दिया था कि राज्य में सभी प्रवासी मजदूर सुरक्षित हैं और पुलिस ने अफवाह फैलाने के आरोप में एक दैनिक हिंदी समाचार पत्र के दो पत्रकारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित करना चाहिए
अन्नाद्रमुक के अपदस्थ नेता ओ. पन्नीरसेल्वम ने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कर्तव्यबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि उसे तमिलनाडु स्थित कंपनियों में राज्य के युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित करना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



