तमिलनाडु के पश्चिमी जिले इरोड में भवानी नदी के तटों के आस-पास रहने वाले लोगों के लिए बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है क्योंकि जलग्रहण क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश होने के कारण नदी पर बने बांध में पानी का स्तर बढ़ गया है। लोअर भावनी प्रोजेक्ट जलाशय में जलस्तर 105 फुट के अपने अधिकतम स्तर पर पहुंच गया और जलसंग्रहण क्षेत्र में पानी अधिकतम 32.8 टीएमसी फुट की क्षमता के मुकाबले 32 टीएमसी फुट से ऊपर जमा हो गया है।
जलस्तर बढ़ने की वजह से लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सोमवार की सुबह 3,500 क्यूसेक से तीन गुणा ज्यादा यानि 11,950 क्यूसेक पानी छोड़ना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि परिणामस्वरूप राजस्व अधिकारियों ने बाढ़ का अलर्ट जारी किया और भवानी नदी के तट के पास रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
पर्वतीय नीलगिरि जिले और पड़ोस के कोयंबटूर जिले के मेट्टूपलायम के जलसंग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद इस साल यह छठी बार है जब बांध में जलस्तर बढ़ गया है। इस बीच, कई किसान संगठनों ने लोवर भवानी प्रोजेक्ट के तहत आने वाले क्षेत्रों में फसल की सिंचाई के लिए पानी छोड़ने की अपील की है। उत्तर पूर्वी मानसून के चलते पिछले कुछ दिनों से तमिलनाडु के कई हिस्से बारिश से प्रभावित हैं।


Download Android App
Download iOS App



