तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) अध्यक्ष एवं आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वह 10 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रदेश दौरे का विरोध करें। श्री नायडू ने गुरुवार को टेलीकांफ्रेंस के जरिए पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्री मोदी आंध्रप्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने तथा पुनर्गठन अधिनियम संबंधी आश्वासनों को पूरा करने में विफल रहे हैं, इसलिए उनके प्रदेश के दौरे के मौके पर तेदेपा नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन करें।
श्री नायडू ने कहा कि आंध, प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिये जाने से केंद्र सरकार के इन्कार और आंध्रप्रदेश पुनर्गठन अधिनियम को लेकर दिये गये आश्वासनों को पूरा नहीं किये जाने के विरोध में राष्ट्रीय नेताओं की मेजबानी में 11 फरवरी को नयी दिल्ली में एक विशाल धरना दिया जायेगा।
वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरपी) अध्यक्ष जगन मोहन रेड्डी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘वाईएसआरसीपी के पास दूरदूर्शिता नहीं है। श्री रेड्डी नहीं जानते कि महिलाओं का अन्ना (भाई) कैसे बनना चाहिए, लेकिन वह यह जानते हैं कि अपराध कैसे होना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में दोषी होने के कारण श्री रेड्डी को प्रदेश की महिलायें अन्ना के रूप में स्वीकार कर ही नहीं सकती।


Download Android App
Download iOS App



