आंध्र प्रदेश के गोदावरी ज़िले के एलुरु में बलात्कार के आरोपी एक शिक्षक को पीड़ित के परिवारवालों ने पहले जमकर पीटा, फिर कपड़े उतारकर पूरे बाज़ार में घुमाया। वहां से गुज़रने वाले लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो में दिख रहा है कि लोग 40 साल के एक आदमी को भीड़भाड़ वाली सड़क पर घुमा रहे हैं।
रामबाबू नाम का यह शख्स स्कूल में अंग्रेज़ी पढ़ाता है। आरोप है कि वह पिछले दो साल से छात्रा का यौन शोषण कर रहा था। छात्रा की इस वक्त उम्र 18 साल है। बताया जा रहा है कि जब छात्रा गर्भवती हो गई तो उसने गर्भपात के लिए दवा दी। दवा खाने के बाद छात्रा को काफी ब्लीडिंग होने लगी और उसके परिजनों को पता लगा, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया। इससे गुस्साए परिजनों ने टीचर को पकड़ा, उसे पीटा और नंगा करके पुलिस स्टेशन तक ले गए।
वीडियो में दिख रहा है कि दो लोग टीचर का हाथ पकड़कर उसे पुलिस स्टेशन लेकर जा रहे हैं। पुलिस स्टेशन में उसे एक तौलिया और एक शर्ट दी गई ताकि वो अपने शरीर को ढक सके। इसके बाद पुलिस स्टेशन में उससे पूछताछ की गई। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है।


Download Android App
Download iOS App



