तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) के पूर्व सांसद बूरा नरसैय्या गौड़ (Boora Narsaiah Goud) बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, बीजेपी महासचिव व तेलंगाना के प्रभारी तरूण चुग और अन्य सीनियर नेताओं की मौजूदगी में गौड़ ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की।
राज्य में 3 नवंबर को मुनूगोड़े विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले गौड़ का बीजेपी में शामिल होना उसके लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। यादव ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव कितने भी हथकंडे अपना लें, इस उपचुनाव में बीजेपी की जीत सुनिश्चित है।
राजनीतिक जीवन हो जाएगा व्यर्थ
गौड़ ने पिछले दिनों TRS को अलविदा कह दिया था। इसके बाद तेलंगाना प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और सांसद बंडी संजय कुमार ने उनसे मुलाकात की थी और उन्हें पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था।गौड़ ने आरोप लगाया था कि TRS का नेतृत्व लोगों की समस्याओं पर बात करने लिए उपलब्ध नहीं होता। उन्होंने कहा था कि उन्हें लगा कि अगर हालात ऐसे ही रहे तो उनका राजनीतिक जीवन व्यर्थ हो जाएगा। बता दें कि मुनूगोड़े विधानसभा उपचुनाव 3 नवंबर को होगा और 6 नवंबर को मतगणना होगी।


Download Android App
Download iOS App



