हरिद्वार : आईपीएल मैच में सट्टा लगवा रहे फरीदाबाद (हरियाणा) के पांच सट्टेबाजों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सट्टेबाजों ने हरिद्वार के एक होटल में दो कमरे लेकर सट्टेबाजी का पूरा सेटअप लगाया हुआ था। उनके कब्जे से 32 एंड्रायड मोबाइल, पांच लैपटॉप और 71 हजार रुपये की नगदी बरामद हुई है। एसपी सिटी हरिद्वार कमलेश उपाध्याय ने सट्टेबाज गिरोह का पर्दाफाश किया।
शहर कोतवाली की पुलिस को सूचना मिली दूधाधारी चौक के पास एक होटल में हरियाणा से आए कुछ लोग आईपीएल पर सट्टा लगवा रहे हैं। जिस पर शहर कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने आला अधिकारियों को सूचना दी और खड़खड़ी चौकी प्रभारी राजेंद्र रावत सहित पूरी पुलिस टीम को साथ लेकर होटल में छापा मारा। पुलिस के पहुंचते ही दोनों कमरों में मौजूद सट्टेबाजों में अफरा-तफरी मच गई।
अंदर का नजारा देखकर पुलिस टीम भी हैरत में पड़ गई। कमरे में लगे एलईडी टीवी में आइपीएल का मैच चल रहा था और सट्टेबाजों के सामने मोबाइलों का ढेर रखा हुआ था। इनमें कुछ लोग मोबाइल पर कॉल अटेंड करते और कुछ लैपटॉप में डाटा फीड कर रहे थे। पुलिस ने दोनों कमरों से पांच लोगों को दबोच लिया। कमरे से 71 हजार की नगदी, 32 एंड्रायड मोबाइल, पांच लैपटॉप व एलईडी टीवी पुलिस ने जब्त कर लिया।
– संजय चौहान


Download Android App
Download iOS App



