देहरादून : कांग्रेस की स्टार प्रचारक सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उत्तराखंड में छह जगहों पर चुनावी जनसभाएं और रोड शो भी कर सकते हैं। कांग्रेस ने हर लोकसभा क्षेत्र के दो-दो अहम शहरों को चिह्नित करते हुए पार्टी हाईकमान से समय मांगा है। राजीव भवन में मीडिया समन्वय और प्रचार समिति की बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया।
इसके साथ ही 30 मार्च को कांग्रेस के सभी 29 सांगठनिक जिला और महानगर में कार्यकर्ता सम्मेलन करने का निर्णय लिया गया। इन सम्मेलनों की जिम्मेदारी जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष की होगी। इनमें क्षेत्र के विधायक और विधानसभा चुनाव लड़े प्रत्याशी भी शामिल होंगे। सम्मेलनों के जरिए स्थानीय स्तर पर चुनावी रणनीति भी तय की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार बैठक में स्टार प्रचारकों के रूप में गांधी परिवार के तीनों प्रमुख नेताओं को राज्य में बुलाने की पैरवी की गई। हर लोस क्षेत्र से दो-दो शहरों को चुना गया है। टिहरी में नई टिहरी और बड़कोट, गढ़वाल में श्रीनगर और कर्णप्रयाग, हरिद्वार में हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश, अल्मोड़ा में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और नैनीताल में रुद्रपुर और हल्द्वानी को जनसभा और रोड शो के लिए चुना है।
इस बैठक में पूर्व मंत्री नवप्रभात, प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, राम सिंह सैनी, मातबर कंडारी, सूर्यकांत धस्माना, राजीव महर्षि, अजय सिंह, अमरजीत सिंह, ऋषभ भाकुनी, अनिल श्रृगारी, महेश शर्मा मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



