मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि प्रदेश के बीमारू राज्य से उबरकर विकास की लंबी छलांग लगाने का श्रेय‘टीम मध्यप्रदेश’को जाता है और अधिकारी संकल्प लें कि जनता से जुड़ कोई भी काम शेष न रहें। श्री चौहान यहां सिविल सेवा दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि इस दिवस का अर्थ ही है कि हम लोग जनता की सेवा के लिए हैं। हम लोक सेवक हैं और हमारा मूल काम ही देश और समाज की सेवा करना है।
हम ध्यान जनकल्याण में केंद्रित करें
उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई अधिकारी ऐसे हैं जो दिन और रात परिश्रम करते हैं। वे खुद इसके साक्षी हैं। आज पीएम उत्कृष्टता पुरस्कार राज्य के दो अफसरों को मिल रहे हैं, इसके लिए वे उन्हें बधाई देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर पात्र व्यक्ति को निश्चित समय पर बेहतर सेवाओं का लाभ मिले यही राम राज्य है, यही सुशासन है। एक अधिकारी चाह ले तो अपने जिले और विभाग को पूरी तरह बदल सकता है। सही दिशा में हम बदलकर दिखा दें तो यह हमारे जीवन की प्रासंगिकता है। हम ध्यान जनकल्याण में केंद्रित करें।
जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार अभियान चल रहे हैं
श्री चौहान ने कहा कि शत्रु और मित्र में समान, मान और अपमान में समान, सुख और दु:ख में समान, हानि और लाभ में समान रहने वाला व्यक्ति सच्चा निष्काम कर्म योगी हैं। निर्वैर होकर काम करें। अहंकार शून्य रखें। धैर्यवान बनें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन के लिए अनेक प्रयास किए हैं। समाधान ऑनलाइन, जनसुनवाई, वन-डे गवर्नेंस और सीएम हेल्पलाइन बहुत लोकप्रिय हुई है। जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार अभियान चल रहे हैं। आगामी 10 से 25 मई के बीच नामांतरण, बंटवारा आदि के समाधान के लिए शिविर लगेंगे।
मध्यप्रदेश ने हर क्षेत्र में लंबी छलांग लगाई
इसके साथ ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि आज सिविल सेवा दिवस पर संकल्प लें कि जनता से जुड़ कोई भी काम शेष न रहें। सभी ने असाधारण परिश्रम किया है। दिए गए टास्क को पूरा किया है। जनता और प्रशासन के बीच की दूरी को पूरी तरह से समाप्त कर दिया है। यह प्रदेश की बड़ उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश कभी बीमारू राज्य कहलाता था। कहीं कोई गिनता नहीं था, लेकिन आज ये कहते हुए गर्व है कि मध्यप्रदेश ने हर क्षेत्र में लंबी छलांग लगाई है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वे इसका श्रेय अपनी टीम को देते हैं।