वामदल-कांग्रेस-आईएसएफ गठबंधन रविवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में महारैली करने के साथ ही पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना प्रचार प्रारंभ करेगा। माकपा नीत वाम मोर्चा और कांग्रेस पहले ही सीटों का समझौता कर चुके हैं। उधर, वाम मोर्चा एवं पीरजादा अब्बास सिद्दिकी के आईएसएफ के बीच भी वार्ता पूरी हो चुकी हैं तथा 30 सीटों पर आईएसएफ के चुनाव लड़ने पर उनमें सहमति बन गयी है।
सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस और इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के बीच वार्ता चल रही है तथा दोनों पक्षों को उम्मीद है कि कुछ सीटों पर जारी मतभेद दूर कर लिया जाएगा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप भट्टाचार्य ने कहा,‘‘ब्रिगेड की विशाल रैली विधानसभा के लिए हमारे प्रचार अभियान की शुरुआत होगी। हम तृणमूल कांग्रेस और भाजपा की जन विरोधी एवं सांप्रदायिक राजनीति का विकल्प देना चाहते हैं।’’ उन्होंने कहा,‘‘प्रेस का एक वर्ग एवं तृणमूल कांग्रेस एवं भाजपा इसे दो-कोणीय मुकाबला बताने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन यह बंगाल में यह त्रिकोणीय मुकाबला होगा।’’
माकपा महासचिव सीताराम येचुरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी एवं आईएसएफ के सिद्दिकी रैली में मुख्य वक्ता होंगे। इस रैली में कांग्रेस और वामदलों के प्रदेश स्तर के नेताओं के अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शिरकत करेंगे। सूत्रों का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस और वामदल चाहते थे कि राहुल गांधी या प्रियंका गांधी वाद्रा इस रैली को संबोधित करें जिससे इस गठबंधन को बल मिलता। लेकिन केरल चुनाव की बाध्यताओं के मद्देनजर वे इससे दूर हैं। केरल में कांग्रेस नीत यूडीएफ और एलडीएफ के बीच सीधी टक्कर है।


Download Android App
Download iOS App



