रैली के दौरान केंद्रीय मंत्री अठावले को थप्पड़ मारने वाला शख्स हिरासत में

Summary :

प्रवीण गोसावी ने अठावले को माला पहनाने के बहाने कथित तौर पर थप्पड़ मारा। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे पीटना शुरू कर दिया और फिर पुलिस के हवाले किया।

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कथित तौर पर थप्पड़ मारने की कोशिश वाले 30 वर्षीय एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आर पी आई (अठावले) के प्रमुख महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अम्बरनाथ में शनिवार शाम एक रैली को संबोधित करने पहुंचे थे।

संविधान पर भाषण देने के बाद मंच से नीचे उतरते समय करीब सवा दस बजे यह घटना हुई। प्रवीण गोसावी (30) ने अठावले को माला पहनाने के बहाने कथित तौर पर थप्पड़ मारा। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया और फिर पुलिस के हवाले किया।

अधिकारी ने बताया सामाजिक न्याय एवं सशक्तीकरण राज्य मंत्री को कोई चोट नहीं आई क्योंकि उनके साथ खड़े लोगों और पुलिसकर्मियों ने गोसावी की मंशा को सफल नहीं होने दिया। पुलिस ने बताया कि लोगों द्वारा पीटे गए गोसावी को पहले उल्हासनगर में भर्ती कराया गया था लेकिन बाद में उसे मुम्बई के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

विदेश राज्यमंत्री एम. जे. अकबर को इस्तीफा देना चाहिए : रामदास अठावले

अम्बरनाथ पुलिस थाना निरीक्षक के. जी. चव्हाण ने कहा, ‘‘हमने भादंवि की धारा 353 और 332 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गोसावी को अभी हिरासत में लिया गया है, गिरफ्तार नहीं किया गया।’’ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गोसावी ने हमला क्यों किया, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। उसे आर पी आई (ए) से बर्खास्त किया जाना एक वजह हो सकता है।

ठाणे के पुलिस उपायुक्त (जोन चतुर्थ) पी. पी. श्वाले ने कहा, ‘‘ गोसावी की सदस्यता आरपीआई (ए) ने करीब एक वर्ष पहले अपराधिक कृत्यों में संलिप्तता और लोगों को आरटीआई के जरिए ब्लैकमेल करने के मद्देनजर रद्द कर दी थी।’’ डीसीपी ने कहा, ‘‘शायद वह इस बात को लेकर गुस्से में था और इसलिए ही उसने शायद केंद्रीय मंत्री पर हमला करने की कोशिश की।’’

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। स्थानीय आर पी आई (ए) इकाई ने घटना के विरोध में रविवार को अम्बरनाथ बंद का आह्वान किया है। अधिकारी ने बताया कि शहर में स्थिति शांत में है और निगरानी रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी वहां तैनात किए गए हैं। सुबह से किसी भी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं है।

Desk Team