केरल के कासरगोड लोकसभा क्षेत्र में 23 अप्रैल को मतदान के दौरान फर्जी मतदान करने के आरोप में पंचायत के एक सदस्य सहित सत्तारूढ़ माकपा के तीन महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी की शिकायत पर चेरूतझाम पंचायत के एक सदस्य एन पी सलीना, के पी सुमैया और पद्मिनी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
जिलाधिकारी जिले के निर्वाचन अधिकारी भी हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धाराओं, 171 सी, डी और एफ के तहत मामला दर्ज किया गया। स्थानीय टेलीविजन चैनलों ने सीसीटीवी दृश्यों को दिखाया था जिसमें तीन महिला कासरगोड संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले कन्नूर जिले में पिलथारा के एयूपी स्कूल में मतदान केन्द्र संख्या 17 और 19 पर दो बार से अधिक बार मतदान करती हुयी नजर आ रही हैं। यह घटना सत्तारूढ़ मोर्चा के लिए शर्मिंदगी का सबब बनी। मुख्य चुनाव अधिकारी टीका राम मीणा ने बाद में पुष्टि की कि तीन महिलाओं ने फर्जी मतदान किया था और मतदान अधिकारियों की भूमिका की जांच कराई जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



