चुनावों से पहले ममता को एक और झटका, BJP में शामिल हुए अरिंदम भट्टाचार्य

Summary :

बीजेपी महासचिवों कैलाश विजयवर्गीय, भूपेन्द्र यादव, अरूण सिंह और डी पुरंदेश्वरी तथा पार्टी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन की मौजूदगी में अरिंदम भट्टाचार्य को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की सत्ताधारी पार्टी टीएमसी में भगदड़ मची हुई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को झटका देते हुए शांतिपुर से टीएमसी विधायक अरिंदम भट्टाचार्य ने बीजेपी में शामिल हो गए हैं। बीजेपी महासचिवों कैलाश विजयवर्गीय, भूपेन्द्र यादव, अरूण सिंह और डी पुरंदेश्वरी तथा पार्टी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन की मौजूदगी में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। 
इस अवसर पर विजयवर्गीय ने कहा कि भट्टाचार्य बंगाल के ओजस्वी वक्ता और तेजस्वी नेता हैं जो तृणमूल कांग्रेस की ‘‘अराजकता’’ से तंग आकर बीजेपी में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बहुत प्रसन्नता है कि एक युवा नेता जो बंगाल की राजनीति में महत्वपूर्ण दखल रखते हैं, वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए आज बीजेपी की सदस्यता ले रहे हैं।’’ 
भट्टाचार्य युवक कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने विधानसभा का पहला चुनाव कांग्रेस के टिकट पर जीता था। इसके बाद वह तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे।  इसके पहले नंदीग्राम के विधायक सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी को बड़ा झटका देते हुए बीजेपी का दामन थाम लिया था। 

2019 में TMC को किया आधा, 2021 में कर देंगे सफाया : दिलीप घोष

पार्टी में बगावत के बीच पिछले दिनों ममता बनर्जी ने शुभेंदु अधिकारी के गढ़ नंदीग्राम में कहा था कि दूसरे दलों में जाने वालों को लेकर उन्हें कोई चिंता नहीं क्योंकि जब तृणमूल कांग्रेस बनी थी, तब उनमें से शायद ही कोई साथ था। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने पिछले कुछ सालों के दौरान ‘अपने द्वारा लुटे गये’ धन को बचाने के लिए पार्टी (तृणमूल कांग्रेस) छोड़ी है।

Desk Team