भाजपा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस 10 मार्च को नंदीग्राम में घटी घटना पर साजिश की कहानियां गढ़कर पश्चिम बंगाल में राजनीतिक संकट खड़ा करने की कोशिश कर रही है क्योंकि उसका आधार खिसकता जा रहा है। इस घटना में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी घायल हो गयी थीं।
भाजपा प्रवक्ता शामिक भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा ने घटना की पूरी तरह जांच की मांग की है और ममता बनर्जी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है ताकि वह अपने चुनाव प्रचार में भाग ले सकें।
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजनीतिक फायदों के लिए साजिश के कोण को हवा देने के लिहाज से राज्य सरकार के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं।
भट्टाचार्य ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हालांकि तृणमूल कांग्रेस नेता जितना साजिश की बात करेंगे, उतना ही वह नंदीग्राम की घटना पर झूठी जानकारी प्रसारित करेंगे। वे राजनीतिक संकट खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। चुनाव आयोग पर उनके आक्षेप संविधान के प्रति अपमान की तरह हैं।’’
उन्होंने कहा कि नंदीग्राम की घटना को भाजपा की सात मार्च की ब्रिगेड मैदान की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ममता बनर्जी पर ली गयी चुटकी से जोड़ना तृणमूल कांग्रेस को शोभा नहीं देता।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने कभी नहीं कहा कि मुख्यमंत्री नंदीग्राम में चोटिल हो जाएंगी। उन्होंने कहा था कि यदि बनर्जी स्कूटर से गिर गयीं और उन्हें चोट लग गयी तो वह स्कूटर निर्माता कंपनी पर दोष मढ़ेंगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हर नेता के भाषण की अपनी शैली होती है।’’


Download Android App
Download iOS App



