पश्चिम बंगाल में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस कोलकाता में छोटी-छोटी चुनावी सभाएं आयोजित करेगी और वह उन जिलों में आयोजित रैलियों में छोटे-छोटे भाषण देंगी, जिनमें शेष तीन चरणों में मतदान होना है।
बनर्जी ने एक टीवी चैनल से कहा कि वह राज्य के विभिन्न भागों में आम तौर पर दिए जाने वाले 50 मिनट से एक घंटे के भाषण में 20 मिनट या उससे अधिक समय की कटौती करेंगी ताकि लोगों को सभा में लंबे समय तक न रहना पड़े। उन्होंने कहा, ”हां, हमने अगले तीन चरणों में शहर में गली-कूचों में छोटी-छोटी सभाएं करने का निर्णय है। हम अब बड़ी-बड़ी सभाएं नहीं करेंगे। साथ ही मेरे भाषण भी काफी छोटे होंगे। ”
तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ’ब्रायन ने ट्वीट किया, ”ममता बनर्जी अब कोलकाता में प्रचार नहीं करेंगी। शहर में 26 अप्रैल को मतदान के अंतिम दिन केवल सांकेतिक सभा होगी। उन्होंने सभी जिलों में अपनी सभी चुनावी रैलियों के समय में कटौती की है। उनके भाषण केवल 30 मिनट के होंगे।” वहीं इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर पश्चिम बंगाल में होने वाली अपनी सभी चुनावी रैलियां रविवार को रद्द कर दीं।
उन्होंने सभी अन्य नेताओं को बड़ी जन सभाएं करने के परिणामों के बारे में सोचने की सलाह दी। पश्चिम बंगाल में आठ चरण में हो रहा विधानसभा चुनाव अभी जारी है। राज्य में रविवार को एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 8,419 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 6,59,927 हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



