महाराष्ट्र के ठाणे में जिले के शाहपुर के पास मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया है। शाहपुर के पास एक गर्डर लॉनि्चंग मशीन गिरने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए वहीं, अभी भी छह लोग मलबे में दबे हैं। यह घटना मंगलवार तड़के शाहपुर तहसील के सरलांबे गांव के पास हुई। पुलिस ने बताया की हादसे के समय एक पुल के लिए गर्डर लॉनि्चंग का काम चल रहा था। इसी दौरान 100 फीट की ऊंचाई से गर्डर मशीन गिर गई।

NDRF की दो टीमें चला रही राहत एवं बचाव अभियान
मिली जानकारी के अनुसार, मशीन का इस्तेमाल 701 किलोमीटटर लंबे एक्सप्रेस-वे फेज तीन के निर्माणाधीन पुल के लिए किया जा रहा था। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की दो टीमें राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। एसपी के मुताबिक समृद्धि हाइवे पर लॉन्चर गिरने से मजदूर और अन्य लोग घायल हो गए। तीन घायलों को शाहपुर तालुका के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अब तक 16 शव निकाले जा चुके
आशंका है कि अन्य छह मजदूर और इंजीनियर मलबे के नीचे फंसे हुए हैं। इसमें वे लोग शामिल नहीं हैं, जिन्हें चोटें आई हैं और जिनका शाहपुर के एक स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। राज्य सरकार के एक अधिकारी ने कहा,‘‘अब तक 16 शव निकाले जा चुके हैं और तीन लोग घायल हुए हैं।

मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 5 लाख रुपये
वहीं, महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ठाणे के शाहपुर में गर्डर मशीन गिरने पर कहा की, मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। स्विट्जरलैंड की एक कंपनी यहां काम कर रही थी। इसकी गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं। एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है और उन्हें बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं। हमारे संबंधित विभाग के अधिकारी और मंत्री मौके पर मौजूद हैं।”


Download Android App
Download iOS App



