पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने एक बार फिर विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की और मुख्यमंत्री का पद ग्रहण किया। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस की राज्य में छवि और मजबूत हुई, जिसके बाद अब पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय महासचिव ने एक बड़ा बयान दिया है।
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी देश के हर इलाके में अपनी मौजूदगी दर्ज कराना चाहती है और एक महीने में इसके लिए योजना तैयार कर ली जाएगी। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक ने संवाददाताओं से कहा कि उनकी पार्टी हर उस राज्य में भाजपा से सीधे मुकाबला करना चाहती है, जहां पर उसका आधार बन रहा है।
तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ भाई-भतीजावाद का आरोप लगाने के लिए भगवा खेमे पर पलटवार करते हुए अभिषेक ने कहा कि अगर संसद में ऐसा विधेयक पारित हुआ कि एक परिवार से एक ही व्यक्ति राजनीति में रहेगा तो वह पार्टी से इस्तीफा दे देंगे।
डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी ने आगे स्पष्ट किया कि वह अगले 20 साल तक कोई सार्वजनिक पद या मंत्री पद नहीं संभालना चाहते और केवल अपनी पार्टी की बेहतरी के लिए काम करते रहेंगे। सांसद ने कहा, ‘‘विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस द्वारा भाजपा को हराने के बाद हमें समूचे देश से एक लाख ई-मेल मिले हैं। हम हर उस राज्य में भाजपा से मुकाबला करेंगे जहां पर तृणमूल कांग्रेस का जनाधार बन गया है।’’


Download Android App
Download iOS App



