मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से तीन तलाक का मामला सामने आया है। यहां पर परिवार परामर्श केंद्र में सुलह के लिए आए एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को तीन बार तलाक कहकर उसे तलाक दे दिया। कानूनी तौर पर तीन तलाक ख़त्म होने से पुलिस ने इस हरकत पर पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मामला खंडवा में रहने वाले गुलनाज सिद्दीकी का है, जिसका आठ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी अजहर के साथ निकाह हुआ था। शुरूआत में थोड़ा ठीकठाक चला, दो बच्चे भी हुए, लेकिन इसके बाद दोनों में अनबन शुरू हो गई। लॉकडाउन के शुरुआती दौर में ही अचानक अजहर अपने परिवार को छोड़कर कहीं चला गया।
गुलनाज औऱ उसके बच्चों की भूखे मरने की नौबत आ गई। वह किसी तरह अपने मायके लौटी। गुलनाज सिद्दीकी ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसका पति शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। कई बार उसने ससुराल पक्ष से आर्थिक मदद भी ली और वह अक्सर पारिवारिक जिम्मेदारियों से बचता था।
लॉकडाउन के दौरान वह घर छोड़कर चला गया। काफी परेशानियों के बाद वह महिला परामर्श केंद्र पहुंची और यहां समझौते के लिए कल पति को भी बुलाया गया, लेकिन उसने सभी के सामने तीन तलाक कहकर पत्नी को तलाक दे दिया। कोतवाली थाना प्रभारी बी एल मंडलोई ने आज बताया कि महिला की शिकायत पर कल रात मुस्लिम महिला विवाह अधिकार अधिनियम 2019 के तहत अजहर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस अधिनियम के तहत यह सिटी कोतवाली का पहला मामला है।


Download Android App
Download iOS App



