उत्तर त्रिपुरा जिले के धर्मनगर में रविवार को भाजपा और माकपा समर्थकों के बीच झड़प हो गई। दोनों पार्टियों ने इस घटना के लिए एक-दूसरे पर आरोप लगाए। भाजपा ने दावा किया कि झड़प में पार्टी के चार समर्थक घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
भगवा पार्टी ने इस झड़प के लिए माकपा को जिम्मेदार ठहराया जबकि वाम दल ने आरोपों को ‘‘निराधार’’ बताया। पुलिस ने बताया कि झड़प में 15 मोटरसाइकिलें और एक कार फूंक दी गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एच फ्रांसिस डारलोंग ने बताया कि स्थिति काबू में कर ली गई है और इलाके में त्रिपुरा राज्य राइफल्स अर्द्धसैन्य बल के एक बड़े दल को तैनात किया गया है।
त्रिपुरा विधानसभा के उपाध्यक्ष बिस्वबंधु सेन ने आरोप लगाया कि ग्रामीण चुनावों के लिए प्रचार अभियान के दौरान पश्चिम चंद्रपुर में माकपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया। राज्य में पंचायत चुनाव 27 जुलाई को होंगे जिसके लिए एक जुलाई से नामांकन शुरू हो गए।
सेन ने दावा किया कि उनकी पार्टी के चार समर्थक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए धर्मनगर से करीब 150 किलोमीटर दूर असम के सिलचर ले जाया गया।
वाम मोर्चे के संयोजक बिजन धार ने कहा, ‘‘भाजपा समर्थक माकपा कार्यकर्ताओं पर नामांकन वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने रविवार को हमारे पार्टी कार्यालय और समर्थकों पर हमला किया। लोगों ने शायद जवाबी कार्रवाई की हो लेकिन अभी हमारे पास जानकारी नहीं है।’’


Download Android App
Download iOS App



