कर्नाटक में सत्तारूढ़ जनता दल (एस)-कांग्रेस गठबंधन के एक दर्जन से अधिक विधायकों के इस्तीफे से उत्पन्न राजनीतिक संकट के एक दिन बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद ने रविवार को यहां मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायक दल की बैठक को संबोधित किया।
कांग्रेस के एक विधायक ने बताया, ‘‘मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ से निवास पर कांग्रेस विधायक दल की रविवार रात बैठक हुई। इसमें हमारी सरकार को समर्थन दे रहे समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी एवं निर्दलीय विधायक भी शामिल हुए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसे किसी दूसरे ढंग से नहीं देखा जाना चाहिए। गुलाम नबी आजाद जी को इसमें बुलाया गया था और वह इसमें आये। उन्होंने विधायकों को संबोधित किया।’’
जब उनसे सवाल किया गया कि क्या वह मध्यप्रदेश की सरकार को बचाने के लिए आये हैं, तो उन्होंने कहा कि इस बैठक में आजाद ने कांग्रेस, सपा, बसपा एवं निर्दलीय विधायकों को एकजुट रहने के बारे में कोई बात नहीं कही।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में कुल 230 विधानसभा सीटें हैं, इनमें से 114 कांग्रेस के पास हैं, 108 भाजपा, दो बसपा, एक सपा एवं चार निर्दलीय विधायक हैं। एक सीट वर्तमान में खाली है।


Download Android App
Download iOS App



