पश्चिम त्रिपुरा जिले में बीएसएफ जवानों और स्थानीय लोगों के बीच हुई एक मुठभेड़ में बीएसएफ के तीन जवान सहित पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना भारत-बांग्लादेश सीमा पर रायेरमुरा गांव में रविवार की शाम घटित हुई।
पुलिस उप महानिरीक्षक अरिंदम नाथ ने बताया, ‘‘बीएसएफ के एक गश्ती दल ने तीन लोगों को हिरासत में लिया, जो कथित रूप से रविवार शाम अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रायेरमुरा गांव में भारत की तरफ से बांग्लादेश की ओर प्रतिबंधित सामान के कुछ पैकेट फेंक रहे थे।’’ उन्होंने कहा जब बीएसएफ जवानों ने कथित तस्करों को बांग्लादेश की सीमा में प्रतिबंधित सामान फेंकने से रोका तो कुछ गांव वालों ने जवानों पर हमला कर दिया और कुछ अन्य स्थानीय लोगों ने उनका साथ दिया।
नाथ ने कहा, ‘‘बीएसएफ जवानों को भी हमलावरों पर पंप-एक्शन गन के दो राउंड छोड़ने पड़े, जिसमें दो लोग घायल हुए।’’ उन्होंने बताया कि बीएसएफ जवानों ने हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। कथित तस्करों के पथराव में बीएसएफ के एक कंपनी कमांडर समेत तीन कर्मी भी जख्मी हो गये। घायलों को त्रिपुरा मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक चिकित्सा दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



