उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने यहां सोमवार को गांधी पार्क में नगर निगम द्वारा निर्मित ओपन जिम का लोकार्पित किया और कहा कि नगर निगम के सभी वार्डों में इस तरह के ओपन जिम बनाएं जाएं। श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि गांधी पार्क में वॉक के लिए आने वाले युवाओं, बच्चों व बुजुर्गों के स्वास्थ्य के लिये ओपन जिम लाभकारी होगा। यहां प्रशिक्षक भी रहेंगे।
दिव्यांगजनों के लिए अनुकूल उपकरण भी लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि इस बात की सम्भावना पर भी विचार किया जाए कि क्या सप्ताह में किसी एक दिन चार घंटे के लिये घंटाघर से गांधी पार्क तक जीरो जोन रहे। उन्होंने कहा कि इस दौरान प्रदेशवासी खासतौर पर बच्चे, युवा यहाँ आएं। सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम हों। लोगों को अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर मिले। इससे रचनात्मक और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों को गांधी पार्क में बारिश के पानी का संग्रहण की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। इससे गांधी पार्क में पानी की आवश्यकता की पूर्ति यहीं से हो सकेगी। विधायक राजपुर खजानदास ने कहा कि पिछले एक वर्ष में नगर निगम देहरादून ने काफी काम शुरू किए हैं। इनमें से अधिकांश उनके विधानसभा क्षेत्र में हैं। राज्य सरकार की हर योजना के केन्द, में आम जन हैं। अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना, सीएम हेल्पलाईन इसका उदाहरण हैं।
मेयर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि देहरादून शहर को बेहतर बनाने के लिये नगर निगम लगातार प्रयासरत है। शहर को सुंदर बनाने के लिए छोटी-छोटी बातों पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दून की देश विदेश में पहचान बनेगी। इस बार बरसात से पहले नालों की सफाई की गई। यही कारण था कि घरों में पानी घुसने की शिकायत कम रही। सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति के लिए मानव श्रंखला बनाकर पूरे देश में संदेश दिया गया। देहरादून में शत प्रतिशत लाईट की व्यवस्था प्राथमिकता में है।


Download Android App
Download iOS App



