त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में ओएनजीसी के गैस कलेक्शन स्टेशन के निकट स्थित त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (टीएसआर) के शिविर में एक जवान ने शनिवार को तीखी बहस के बाद कथित रूप से गोली मार कर अपने दो वरिष्ठों की हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान टीएसआर की पांचवीं बटालियन के राइफलमैन सुकांत दास के तौर पर की गयी है। दास ने अपने वरिष्ठ साथी सूबेदार मारका सिंह जमातिया और नायब सूबेदार किरण जमातिया को गोली मार दी क्योंकि उसे छुट्टी का आवेदन मंजूर होने के बावजूद राहत नहीं दी गई।
सिपाहीजाला के पुलिस अधीक्षक कृष्णेंदु चक्रवर्ती ने बताया, ‘‘बटालियन के अन्य सदस्य गोलियों की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और सूबेदार तथा नायब सूबेदार को खून से लथपथ पाया। चक्रवर्ती ने बताया कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां सूबेदार को मृत घोषित कर दिया गया जबकि नायब सूबेदार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया ।
दास ने बाद में मधुपुर पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी राइफलमैन ने पूछताछ के दौरान कहा कि छुट्टी मंजूर होने के बावजूद उसे ड्यूटी से मुक्त नहीं किया गया था । उसके वरिष्ठ चाहते थे कि वह एक प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हो। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इसके बाद दोनों वरिष्ठों से तीखी नोकझोंक हुई और दास ने अपनी सर्विस राइफल उठाकर दोनों को गोली मार दी ।


Download Android App
Download iOS App



