वार पर पलटवार, कंगना के बयान पर बोले राउत-शिवसेना महाराष्ट्र के दुश्मनों को करेगी खत्म

Summary :

संजय राउत ने कहा कि मुंबई मराठी लोगों के बाप की है, जिन्हें यह बात मान्य नहीं वह अपना बाप दिखाए। शिवसेना महाराष्ट्र के ऐसे दुश्मनों को खत्म किए बिना नहीं रुकेगी।

सुशांत डेथ केस को लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत और शिवसेना नेता संजय राउत के बीच की बयानबाज़ी तेज होती जा रही है। कंगना के मुंबई वाले बयान पर संजय राउत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि मुंबई मराठी लोगों के बाप की है, जिन्हें यह बात मान्य नहीं वह अपना बाप दिखाए। 
राउत ने ट्वीट में लिखा, मुंबई मराठी मानुष के बाप की है। जिनको यह मंजूर नहीं, वह अपना बाप दिखाए। शिवसेना महाराष्ट्र के ऐसे दुश्मनों को खत्म किए बिना नहीं रुकेगी। प्रॉमिस, जय हिंद जय महाराष्ट्र। राउत का ये ट्वीट कंगना के उस ट्वीट के जवाव में आया है जिसमें उन्होंने लिखा कि वह 9 सितंबर को मुंबई पहुंच रही हैं, किसी के बाप में हिम्मत है तो रोक ले। 

अनिल देशमुख का कंगना पर पलटवार – महाराष्ट्र या मुंबई में असुरक्षित महसूस होता है राज्य छोड़ दें

कंगना ने ट्वीट कर कहा कि “मैं देख रही हूं कि कई लोग मुझे धमकी दे रहे हैं कि मैं मुंबई ना आऊं। इसलिए अब मैंने फैसला किया है कि मैं मुंबई जल्द आऊंगी। मैं 9 सिंतबर को मुंबई आऊंगी और पहुंचने का टाइम भी सभी के साथ जरूर शेयर करूंगी। किसी के बाप में हिम्मत है तो रोक ले।”
वहीं महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने मुंबई को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से जोड़ने और पुलिस की आलोचना से संबंधित अभिनेत्री कंगना रनौत की टिप्पणियों पर कहा कि जिन्हें महाराष्ट्र या मुंबई में असुरक्षित महसूस होता है, उन्हें यह राज्य छोड़ देना चाहिये। 
गौरतलब है कि यह पूरा बवाल कंगना रनौत की ओर से मुंबई पुलिस के कमिश्नर और मुंबई पुलिस के कामकाज पर सवाल खड़े करने के बाद से शुरू हुआ है। जिसके जवाब में संजय राउत ने शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ में कंगना को मुंबई वापस न आने के लिए कहा।

Desk Team