उज्जैन : टीका नहीं लगवाया तो सरकारी कर्मचारियों को नहीं मिलेगा वेतन

Summary :

कोविड-19 के खिलाफ शत-प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उज्जैन जिला प्रशासन ने आदेश जारी कर कहा है कि यदि सरकारी कर्मचारियों ने टीका नहीं लगवाया तो उन्हें अगले माह से वेतन नहीं मिलेगा।

देश में सबसे ज्यादा टीकाकरण मध्य प्रदेश में हुआ, आंकड़ो के मुताबिक, लगभग 17 लाख लोगों को टीके लगाए गए हैं। इस बीच कोविड-19 के खिलाफ शत-प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उज्जैन जिला प्रशासन ने आदेश जारी कर कहा है कि यदि सरकारी कर्मचारियों ने टीका नहीं लगवाया तो उन्हें अगले माह से वेतन नहीं मिलेगा।
जिला कलेक्टर आशीष सिंह ने मंगलवार को इस आशय का आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है कि 31 जुलाई तक टीकाकरण नहीं कराने वाले सरकारी कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया जाएगा। आशीष सिंह ने बताया कि कर्मचारियों को जुलाई का वेतन टीकाकरण का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के बाद ही दिया जाएगा।
सिंह ने आदेश की पुष्टि करते हुए बुधवार को कहा, ‘‘ जिले में शत-प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इस दिशा में कई कदम उठाए गए हैं।’’ आदेश में जिला कोषागार अधिकारी को जून के वेतन वितरण के साथ टीकाकरण प्रमाण पत्र एकत्र करने और सरकारी कर्मचारियों के टीकाकरण के बारे में जानकारी संकलित करने का निर्देश दिया गया है। 
जिले के विभिन्न विभागों के प्रमुखों को दैनिक वेतन भोगी एवं संविदा कर्मचारियों के टीकाकरण की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के अनुसार, जिले में कोविड-19 के कारण हुई सरकारी कर्मचारियों की मौत के मामलों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि उनका टीकाकरण नहीं हुआ था।

Desk Team