कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को बेंगलुरु पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के मुद्दे को लेकर पार्टी सांसदों ने राज्यसभा में जोरदार हंगामा किया। दरअसल, दिग्विजय बेंगलुरु के होटल में मौजूद पार्टी के बागी विधायकों से मुलाकात करने पहुंचे जहां वह ठहरे हुए हैं। लेकिन उस दौरान बेंगलुरू पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
राज्यसभा के शून्यकाल के कांग्रेस के सदस्य एमवी राजीव गौड़ा ने दिग्विजय सिंह की हिरासत को अति आवश्यक विषय बताया। हालांकि सभापति ने उन्हें यह मुद्दा नहीं उठाने दिया। नायडू ने कहा, “अगर यह इतना आवश्यक है तो आपने चेयर (सभापति) को नोटिस क्यों नहीं दिया? आपके पास सुबह काफी वक्त था। ऐसा कर के आप सदन में अन्य सदस्यों को बोलने से रोक रहे हैं।”
दिग्विजय सिंह ने MP में BJP पर सत्ता का दुरुपयोग करने का लगाया आरोप
उन्होंने आगे कहा, “जिस मुद्दे की आप बात कर रहे हैं, वह कई अखबारों में पहले ही आ चुका है, लेकिन इसके बाद भी आपने कोई नोटिस नहीं दिया।” इसके बाद सभी कांग्रेस सदस्य उठ गए और इस विषय पर चर्चा करने की मांग करने लगे। सभापति ने कहा कि सदन नियमों के अनुसार कार्य करेगा और उन्होंने सभी कांग्रेस के सदस्यों से बैठने का आग्रह किया। कांग्रेस के सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी और सभापति के मंच के पास पहुंच गए।
मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से सियासी घमासान जारी है। इसी बीच कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह बुधवार को बेंगलुरु के होटल में मौजूद बागी विधायकों से मुलाकात करने पहुंचे और रामदा होटल जाने की कोशिश की, जहां कांग्रेस के बागी विधायक ठहरे हुए हैं। हालांकि, दिग्विजय सिंह को उस होटल में जाने से रोक दिया गया जिसके बाद वह धरना पर बैठ गए। बेंगलुरु पुलिस ने उन्हें एहतियातन हिरासत में लेते हुए कुछ ही देर बाद रिहा कर दिया।


Download Android App
Download iOS App



