देश में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना शुरू हो चुकी है। ईवीएम से पहले बैलेट पेपर्स की गिनती हो रही है। उत्तराखंड में सुबह आठ बजे से 70 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती शुरू हुई। देश में 14 फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में 65 फीसदी से अधिक लोगों ने अपने मताधिकारों का प्रयोग किया था। उत्तराखंड में बीजेपी और कांग्रेस दोनों प्रमुख दलों के अलावा उत्तराखंड क्रांति दल, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवारों सहित कुल 632 उम्मीदवारों की राजनीतिक तकदीर का फैसला होगा।
सत्ताधारी बीजेपी शुरुआती रुझान में विपक्षी दल कांग्रेस से आगे चल रही है और पार्टी के उम्मीदवार 33 सीटों पर बढ़त बना चुके हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर सुबह 10 बजकर 20 मिनट पर उपलब्ध 56 सीटों के आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस 18 सीटों पर, बसपा दो पर, उत्तराखंड जन एकता पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवार एक-एक सीट पर आगे चल रहे हैं।
उत्तराखंड में कांग्रेस महासचिव और प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत लालकुआं सीट पर भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट से 7,085 मतों से पीछे चल रहे हैं। चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए यशपाल आर्य बाजपुर से भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार से 18587 मतों से पीछे चल रहे हैं। हालांकि, निवर्तमान राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और चकराता से अब तक अजेय रहे कांग्रेस के प्रीतम सिंह अपने निकटतम प्रत्याशी भाजपा के रामशरण नौटियाल से 1805 मतों से आगे हैं।
पंजाब चुनाव : पोस्टल बैलेट की गिनती में AAP सबसे आगे, अमृतसर सीट पर तीसरे स्थान पर है सिद्धू
इन चुनावों में इनमें विशेष रूप से प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कांग्रेस महासचिव हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक और आप के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी कर्नल (सेवानिवृत्त)अजय कोठियाल की सीटों के चुनावी परिणामों पर सबकी निगाह रहेगी।
यह देखना दिलचस्प होगा कि पिछले विधानसभा चुनावों में 70 में से 57 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जनादेश प्राप्त करने वाली भाजपा इस बार अपने 60 पार के लक्ष्य को हासिल कर पाती है या सत्ता विरोधी लहर पर सवार कांग्रेस सत्ता में वापसी करती है । हालांकि, त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में निर्दलीयों और छोटे दलों के प्रत्याशियों की पौ-बारह होने की संभावना है ।


Download Android App
Download iOS App



