एम्स के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए कहा कि उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्रीशहरी विकास मंत्री व शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक की कोविड-19 की एंटीजन जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है।
एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश थपलियाल ने बताया कि कौशिक को रविवार की देर शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले, कौशिक कोरोना वायरस संक्रमित एक व्यक्ति के संपर्क में आने के कारण शनिवार से ही पूरी तरह क्वारंटाइन में चले गए थे और रविवार को उनकी एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि पीसीआर जांच रिपोर्ट आज आएगी लेकिन जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की सलाह पर उन्होंने एम्स में भर्ती होने का निर्णय किया। वहीं देहरादून शहर के धर्मपुर क्षेत्र के विधायक विनोद चमोली भी कोविड-19 से पीड़ित होने के कारण यहां पत्नी सहित पिछले चार दिनों से भर्ती हैं।
इसके अलावा, बेटे और भतीजी के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद प्रदेश के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल भी अपने स्टाफ के साथ अगले कुछ दिनों के लिए घर में ही क्वारंटाइन में चले गये हैं। प्रदेश में अब तक 24000 से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं जबकि कुल 341 मरीज इस महामारी से जान गंवा चुके हैं।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक शुक्रवार को कैबिनेट बैठक में शामिल हुए थे। इस बैठक में गोपन विभाग के स्टाफ के अलावा शासन के सभी प्रमुख आलाधिकारी मौजूद थे। कौशिक की आरटीपीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मंत्रियों और आलाधिकारियों को आइसोलेशन में जाना पड़ सकता है। हालांकि इस बारे में कौशिक का कहना है कि कैबिनेट बैठक के दौरान सोशल डिस्टेंस, मास्क, सैनिटाइजेशन और एहतियात से जुड़े सभी तरह के प्रोटोकाल का पालन हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



