महत्वाकांक्षी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के लिए वर्ष 2021-22 के केंद्रीय बजट में 4200 करोड़ रुपये प्रस्तावित करने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्र का आभार प्रकट किया और कहा कि इससे परियोजना तय समय में पूरी हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र के सहयोग से उत्तराखंड में हाल के वर्षों में कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बहुत तेजी से काम हुआ है और पहाड़ में रेल का सपना जल्द ही साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में न्यू ऋषिकेश स्टेशन तैयार हो चुका है और यहां से ट्रेनों का संचालन भी शुरू हो चुका है।
रावत ने कहा, ‘‘बाकी जगहों पर भी तेजी से काम चल रहा है। इस वर्ष के लिये बजट में प्रस्तावित 4200 करोड़ रुपये से परियोजना तय समयावधि में पूरी की जा सकेगी।‘‘ गौरतलब है कि मुख्यमंत्री रावत लगातार ऋषिकेश- कर्णप्रयाग रेल परियोजना की निगरानी कर रहे हैं और राज्य सरकार के स्तर से आवश्यक औपचारिकताओं को समय पर पूरा कराया गया है। परियोजना के तहत 17 टनल के कार्यों को 10 हिस्सों में बांटा गया है।
लछमोली व श्रीनगर में अलकनंदा नदी पर ओवरब्रिज का कार्य प्रारम्भ किया जा चुका है। श्रीनगर, गौचर व सिवाइ में पुल का कार्य भी प्रगति पर है। ऋषिकेश-देवप्रयाग ब्लॉक का कार्य 2023-24 और देवप्रयाग-कर्णप्रयाग ब्लॉक का कार्य 2024-25 तक पूर्ण किये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



