हरियाणा में कोविड-19 टीकाकरण का दूसरा चरण शुरू, सबसे पहले डीजीपी ने लगवाई वैक्सीन

Summary :

हरियाणा में फ्रटलाइंन कार्यकर्ताओं को कोविड-19 टीका लगाने का दूसरा चरण बृहस्पतिवार को शुरू हुआ और राज्य पुलिस के महानिदेशक मनोज यादव उन पहले लोगों में शामिल रहे।

हरियाणा में फ्रटलाइंन कार्यकर्ताओं को कोविड-19 टीका लगाने का दूसरा चरण बृहस्पतिवार को शुरू हुआ और राज्य पुलिस के महानिदेशक मनोज यादव उन पहले लोगों में शामिल रहे जिन्होंने इस महामारी से बचाव के लिए सबसे पहले टीका लगवाया।
कोविड-19 टीकाकरण के दूसरे चरण के तहत पंचकूला स्थित राज्य पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) यादव एवं कुछ अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने कोविड-19 का टीका लगवाया। वहीं हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने फ्रंटलाइन कर्मियों के लिए टीकाकरण के लिए राज्यव्यापी दूसरे चरण की शुरुआत गुरुग्राम से की।
विज ने बताया कि दूसरे चरण में करीब 4.50 लाख फ्रंटलाइन कर्मियों का टीकाकरण होगा। इन फ्रंटलाइन कर्मियों में पुलिस, राजस्व, पंचायती राज, कारावास , होमगार्ड और शहरी निकाय के कर्मचारी शामिल हैं।
गौरतलब है कि 16 जनवरी को शुरू हुए पहले चरण में राज्य में करीब 1.3 लाख स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया गया है। आधिकारिक बयान के मुताबिक डीजीपी यादव ने स्वयं बल में सबसे पहले टीका लगवा कर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को प्रेरित किया।

Desk Team