उत्तराखंड में सोमवार को कोरोना कर्फ्यू को एक जून तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया । मंगलवार 25 मई की प्रातः छह बजे कर्फ्यू की अवधि समाप्त हो रही थी । प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और राज्य सरकार के प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने सोमवार को यहां बताया कि इस दौरान जरूरी सामानों जैसे दूध, मीट, मछली, फल और सब्जी की दुकानें सुबह आठ बजे से 11 बजे तक खुलेंगी । इससे पहले दुकानें खुलने का समय सुबह सात से 10 बजे तक था ।
उनियाल ने बताया कि यह बदलाव व्यापारियों की मांग के अनुरूप मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से विचार विमर्श करने के बाद किया गया।उन्होंने बताया कि इसके अलावा, राशन और किराने की दुकानें 28 मई को सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक खुलेंगी ।उनियाल ने कहा कि पिछले कई दिनों से कोविड का ग्राफ प्रदेश में कम होता दिख रहा है लेकिन अपने स्तर पर सरकार पूरी तरीके से इसकी रोकथाम में जुटी हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा ही सरकार की सबसे पहली प्राथमिकता है और भविष्य में कोरोना वायरस के संक्रमण के आंकड़ों में और कमी आने पर तात्कालिक परिस्थितियों के अनुसार, कोरोना कर्फ्यू में ढील दी जा सकेगी।


Download Android App
Download iOS App



