कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कोरोना वायरस की चिंता के बावजूद राज्य में भाजपा सरकार के तीन साल पूरे होने का जश्न मनाने की योजना की बृहस्पतिवार को आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इस जश्न पर दस करोड़ रूपये से अधिक खर्च करेगी।
उन्होंने कहा कि यह रकम घातक कोरोना वायरस से निपटने के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा खड़ा करने पर खर्च की जाए। रावत ने फेसबुक पर लिखा, ‘‘ प्रधानमंत्री कोरोना वायरस का मुकाबला करने के लिए भीड़ से बचने की सलाह देते हैं। उनके आह्वान पर मुझ जैसा व्यक्ति होली मिलन कार्यक्रम रद्द कर देता है।
लेकिन राज्य सरकार में अधिक साहस है। उसकी सत्ता के तीन साल पूरे होने पर समारोहों पर 11-12 करोड़ रूपये खर्च करने की योजना है।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘ सूचना विभाग इस समारोह के लिए जिला प्रशासनों को धन दे रहा है।
विधायक समारोहों के नायक बन गये हैं। मैं सोचता हूं कि क्या यह रकम इस विषाणु का मुकाबला करने के लिए मेडिकल बुनियादी ढांचा खड़ा करने पर खर्च करना अधिक उपयुक्त नहीं होता।’’ अठारह मार्च को इस मौके पर राज्यभर में व्यापक समारोहों की योजना बनायी गयी है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने मीडिया सलाहकार, मीडिया समन्वयक और आईटी सलाहकारों, विशेष कार्याधिकारियों समेत एक दर्जन अधिकारियों को राज्य के जिलों में होने वाले कार्यक्रमों के लिए समन्वयक नामित किये हैं।


Download Android App
Download iOS App



