असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को कहा कि अगर टीके उपलब्ध रहते हैं तो उनकी सरकार का 15 अगस्त तक राज्य की 3.2 करोड़ आबादी में से 30 प्रतिशत को टीका लगाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि राज्य में 18-44 आयु वर्ग के लोगों के लिए टीके की केवल 20,000 से 25,000 खुराकें उपलब्ध हैं।
गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) का दौरा करते हुए सरमा ने कहा कि उन्होंने टीका उत्पादन करने वाली दो कंपनियों के अधिकारियों से बातचीत की है जिन्होंने 18-44 आयु वर्ग के लिए जून माह में सात लाख खुराकों की आपूर्ति का वादा किया है।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, “दोनों कंपनियों ने इस समूह के लिए जून में सात लाख टीके भेजने का वादा किया है लेकिन उन्होंने कोई तारीख नहीं बताई है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयु वर्ग में लोगों के टीकाकरण की गति अगले महीने के पहले हफ्ते तक धीमी रहेगी। उन्होंने कहा कि टीकों की खेप पांच से छह जून के बीच असम पहुंचने की संभावना है।
सरमा ने कहा, “राज्य का लक्ष्य 15 अगस्त तक अपनी 30 प्रतिशत आबादी के टीकाकरण का है बशर्ते जरूरी खुराकें उपलब्ध हों।” उन्होंने कहा कि राज्य में टीकाकरण अभियान जून में मई की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक और जुलाई में 50 प्रतिशत तक बढ़ाया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



