गुजरात के अहमदाबाद में टीके की अनुपलब्धता के कारण निगम के स्वास्थ्य केंद्रों पर 45 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिये टीकाकरण का काम रोक दिया गया है। अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) की ओर से जारी बयान के अनुसार शहरी स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, निगम के अस्पतालों में टीकाकरण का कार्य अग्रिम पंक्ति के कर्मियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के लिये भी बंद कर दिया गया है।
स्थानीय निकाय ने कहा कि नगर निगम को जैसे ही टीके मिलेंगे, योग्य लोगों के लिये टीकाकरण अभियान फिर से शुरू किया जायेगा। प्रदेश सरकार ने एक मई से राज्य में 18 से 44 साल आयु वर्ग के लोगों के लिये टीकाकरण अभियान शुरू किया है।
एएमसी ने कहा कि 18 से 44 साल के लोगों के लिये निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अहमदाबाद में चिन्हित निजी एवं निगम के स्कूलों में टीकाकरण अभियान चल रहा है। सूरत में भी 45 साल से अधिक उम्र वर्ग के लोगों के लिये ‘कोविशील्ड’ टीका लगाने की प्रक्रिया मंगलवार को रोक दी गयी। सूरत नगर निगम ने बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। निगम ने बताया कि टीकाकरण अभियान बुधवार को भी स्थगित रहेगा।
निगम के अनुसार, 45 साल से अधिक उम्र के लिये कोवैक्सीन टीकाकरण तथा 18 से 44 साल आयु वर्ग के लोगों के लिये कोविशील्ड टीकाकरण पूरे शहर में चल रहा है। गुजरात में सोमवार को 1,41,834 लोगों का टीकाकरण किया गया, जिसके साथ ही प्रदेश में टीका ले चुके लोगों की संख्या बढ़़कर 1,25,73,211 हो गयी है।


Download Android App
Download iOS App



