उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के राजनीतिक जीवन दर्शन को प्रेरणास्रोत बताते हुए शुक्रवार को कहा कि उन्होंने जिस विचारधारा के साथ कार्य किया, उसका अनुसरण कर हमें आगे बढना होगा। दिवंगत नेता की प्रथम पुण्यतिथि पर यहां बीजेपी मुख्यालय में उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री रावत ने कहा, ‘‘आज भी ऐसा लगता है कि अटल जी हमारे बीच में हैं।
उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक जीवन दर्शन हमारे लिए प्रेरणास्रोत है और उन्होंने जिस विचारधारा के साथ कार्य किया, उसका अनुसरण कर हमें आगे बढ़ना होगा।’’ रावत ने अलग उत्तराखंड राज्य के गठन में वाजपेयी की महत्वपूर्ण भूमिका को याद करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड के गठन की मंजूरी भी अटल जी ने ही दी थी। इस अवसर पर उन्होंने दिवंगत प्रधानमंत्री के उत्तराखंड भ्रमण की स्मृतियों को भी साझा किया।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री आवास में एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वाजपेयी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए तथा कहा कि वह भारत के ही नहीं बल्कि विश्व के एक महान नेता थे। उन्होंने कहा कि अटल जी का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है और उत्तराखंड को अलग राज्य बनाने के अलावा उन्होंने इसे विशेष राज्य का दर्जा दिया और विशेष औद्योगिक पैकेज भी स्वीकृत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड से विशेष लगाव होने के नाते उत्तराखंड की जनता सदैव उनकी आभारी रहेगी।


Download Android App
Download iOS App



