वीबीए ने औरंगाबाद में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की रैली को अनुमति नहीं देने का पुलिस से किया अनुरोध

Summary :

वीबीए ने मंगलवार को पुलिस को एक ज्ञापन सौंपकर अनुरोध किया कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे को महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में रैली करने की अनुमति नहीं दी जाये क्योंकि इससे कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है।

वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) ने मंगलवार को पुलिस को एक ज्ञापन सौंपकर अनुरोध किया कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे को महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में रैली करने की अनुमति नहीं दी जाये क्योंकि इससे कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है।
वीबीए के प्रवक्ता अमित भुइगल और शहर अध्यक्ष अहमद जलीस की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त निखिल गुप्ता से मुलाकात कर उक्त मांग उठायी।
राज ठाकरे ने की औरंगाबाद में रैली आयोजित करने की घोषणा 
राज ठाकरे ने एक मई को महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर औरंगाबाद में एक रैली आयोजित करने की घोषणा की है।
वीबीए ने रैली को अनुमति नहीं दिए जाने की मांग करते हुए ज्ञापन में कहा कि रमजान का पाक महीना जारी है और रैली के कारण क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो सकती है।
इस बीच मनसे की जिला इकाई के प्रमुख सुमित खांबेकर ने कहा कि उसके कार्यकर्ता औरंगाबाद के 65 ”हिंदू बहुसंख्यक” वार्डों में घर-घर जाकर लोगों को राज ठाकरे की एक मई की रैली में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने यहां मराठवाड़ा सांस्कृतिक मंडल में रैली आयोजित करने की अनुमति के लिए आवेदन किया है।

Shera Rajput