केरल कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता और पूर्व विधायक प्रयार गोपालकृष्णन का शनिवार को राज्य की राजधानी की यात्रा के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। 73 वर्षीय नेता 2001-06 तक कोल्लम जिले के चद्यमंगलम निर्वाचन क्षेत्र से विधायक थे।
दिल का दौरा पड़ने के कारण हुआ निधन
शनिवार की देर दोपहर वह अपने गृह नगर कोल्लम से राज्य की राजधानी की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया। गोपालकृष्णन, एके एंटनी के वफादार के रूप में जाने जाते हैं। वह सहकारी क्षेत्र में एक लोकप्रिय नेता थे और उन्होंने सर्वश्रेष्ठ सहकारी के रूप में कई पुरस्कार जीते।
केरल सीएम ने जताया शोक
कांग्रेस पार्टी में गोपालकृष्णन एक छात्र नेता के रूप में उभरे और पिछले लगभग चार दशकों से लोकप्रिय नेता थे। वह कई वर्षो तक एमआईएलएमए (केरल को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन) के अध्यक्ष थे और त्रावणकोर देवसोम बोर्ड (प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर सहित दक्षिणी जिलों में मंदिरों को नियंत्रित करने वाला निकाय) के अध्यक्ष थे। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने गोपालकृष्णन के निधन पर शोक व्यक्त किया है।


Download Android App
Download iOS App



