गुजरात में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने है, ऐसे में प्रदेश की सत्ता में काबिज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी रणनीतिक तैयारियों पर जोर देना शुरू कर दिया है। लेकिन दूसरी तरफ, गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सी आर पाटिल ने एक बड़ा बयान दिया। पाटिल ने कहा कि गत स्थानीय निकायों में पार्टी के निर्वाचित प्रतिनिधियों को मिली जीत के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता एक बड़ी वजह थी।
पाटिल ने प्रतिनिधियों को आगाह करते हुए कहा कि वह इस बात का भ्रम ना पाले कि स्थानीय निकायों में मिली जीत के पीछे प्रतिनिधियों की अपनी किसी तरह की लोकप्रियता थी या कोई और कारण था।पाटिल ने ये टिप्णियां रविवार को पाटन में विभिन्न नगरपालिकाओं, जिला एवं तालुका पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए की।
सोमवार को पार्टी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, पाटिल ने कहा कि इन स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को अहंकार नहीं करना चाहिए और यह सोचकर पार्टी के छोटे कार्यकर्ताओं का अपमान नहीं करना चाहिए कि वे अपनी खुद की लोकप्रियता पर जीते हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का अपमान करने वाले निर्वाचित प्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
विज्ञप्ति में पाटिल के हवाले से कहा गया है, “इन नेताओं को यह नहीं भूलना चाहिए कि वे भी चुनाव जीतने से पहले पार्टी के कार्यकर्ता थे। निर्वाचित प्रतिनिधियों को ध्यान रखना चाहिए कि वे सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता की वजह से जीते हैं।” उन्होंने पाटन से भाजपा के नेताओं को तैयारी करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि अगले साल राज्य में विधानसभा चुनावों में पार्टी को ही जीत मिले।
इस मौके पर, पाटिल ने आम आदमी पार्टी के उस दावे को भी खारिज किया कि कई भाजपा नेताओं ने भगवा संगठन छोड़कर अरविंद केजरीवाल नीत पार्टी का हाथ थाम लिया है। गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा ने इस साल फरवरी में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भारी जीत दर्ज करते हुए विभिन्न नगरपालिकाओं, जिला एवं तालुका पंचायतों में करीब आठ हजार सीट में से छह हजार से ज्यादा सीटें जीती थी।


Download Android App
Download iOS App



