मप्र के मंत्री का साड़ियां बांटने का वीडियो वायरल, कांग्रेस ने बताया – ‘लोकतंत्र के स्थाई कलंक’

Summary :

मध्य प्रदेश में विधानसभा उप-चुनाव का रंग धीरे-धीरे गहराने लगा है। सभाएं और जनसंपर्क का दौर तो जारी है ही, साथ में सोशल मीडिया पर तरह-तरह के वीडियो वायरल हो रहे हैं।

मध्य प्रदेश में विधानसभा उप-चुनाव का रंग धीरे-धीरे गहराने लगा है। सभाएं और जनसंपर्क का दौर तो जारी है ही, साथ में सोशल मीडिया पर तरह-तरह के वीडियो वायरल हो रहे हैं। ताजा वीडियो साड़ियों के बांटने का वायरल हुआ है। इसमें कथित तौर पर राज्यमंत्री बृजेंद्र यादव को साड़ियां बांटते हुए दिखाया गया है। इस वीडियो को कांग्रेस की आईटी सेल ने साझा किया है। 
राज्य में विधानसभा के उप-चुनाव से पहले विरोधी दलों के नेताओं को घेरने की तैयारी चल रही है। इसी क्रम में कांग्रेस की आईटी सेल ने यह वीडियो वायरल किया है, जिसमें कथित तौर पर मुंगावली से भाजपा के संभावित उम्मीदवार और मंत्री बृजेंद्र सिंह यादव साड़ियां बांटते नजर आ रहे हैं। हालांकि इस वीडियो की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पायी है। 
कांग्रेस की आईटी सेल ने ट्विटर पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा , ‘ 35 करोड़ दिखने लगा प्रचार में,बीजेपी प्रत्याशी बाँट रहे साड़ी;कल बीजेपी के बिकाऊ लाल का 100 और शाम को 500 का नोट बाँटने के वीडियो वायरल होने के बाद अब दूसरे बैंगलोर रिटर्न मंत्री ब्रजेन्द्र यादव साड़ी बांट रहे हैं।ये बिकाऊ लोग नेता नहीं हैं, ये लोकतंत्र के स्थाई कलंक हैं।

भाजपा की ओर से इसे आचार संहिता लागू होने से पहले कोरोना काल का बताया जा रहा है। वहीं कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत करने की बात कही है। 
ज्ञात हो कि इससे पहले अनूपपुर से भाजपा के संभावित प्रत्याशी और राज्य सरकार के मंत्री बिसाहू लाल सिंह का बच्चियों को नोट बांटने का वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो को सिंह ने पुराना बताया था। उन्होंने माना था कि वे पहली बार जब मंत्री बनकर गांव आए थे तब उनका बच्चियों ने कलश लेकर स्वागत किया था। शगुन के तौर पर उन्होंने बच्चियों को दस और सौ के नोट दिए थे। उस समय आचार संहिता नहीं लगी थी। 

Ujjwal Jain