विवेक अग्निहोत्री ने भोपालियों को लेकर दिया विवादित बयान, दिग्विजय सिंह बोले-संगत का असर तो होता ही है

Summary :

‘द कश्मीर फाइल्स’ के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसको लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने आपत्ति जताई है।

कश्मीरी पंडितों पर हुए अत्याचार पर बनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसको लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने आपत्ति जताई है। दरअसल अग्निहोत्री ने इस वीडियो में भोपाल के रहने वालों पर एक विवादित बयान दिया है। 
अकेले में समझाऊंगा भोपाली का मतलब : विवेक अग्निहोत्री
विवेक अग्निहोत्री ने वायरल वीडियो में कहा है कि, मैं भोपाल में बड़ा हुआ और लेकिन मैं भोपाली नहीं हूं, क्योंकि भोपाली एक कनोटेशन होता है।  मैं कभी आपको इसका मतलब अकेले में समझाऊंगा। उन्होंने वीडियो में आगे कहा, किसी भोपाली से पूछना, भोपाली का मतलब है कि वह होमोसेक्सुअल है, नवाबी शौक वाला है।  
आप कहीं भी रहें, संगत का असर तो होता ही है :  दिग्विजय सिंह
‘द कश्मीर फाइल्स’ के डायरेक्टर के इस वीडियो को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आपत्ति जताते हुए ट्वीट कर कहा कि, विवेक अग्निहोत्री जी यह आपका निजी अनुभव हो सकता है। यह आम भोपाल का निवासी नहीं है। उन्होंने कहा, मैं भोपाल और भोपालियों के संपर्क में 77  से हूँ लेकिन मेरा तो यह अनुभव कभी नहीं रहा। आप कहीं भी रहें, संगत का असर तो होता ही है। हालांकि अभी तक अग्निहोत्री ने कांग्रेस नेता के बयान पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
 

Desk Team