BJP सांसद अर्जुन सिंह के घर के बाहर फेंके गए बम, राज्यपाल धनखड़ ने जताई चिंता

Summary :

बीजेपी सांसद अर्जुन सिंह के घर के बाहर जिस वक़्त हमला हुआ उस वक़्त वह घर पर मौजूद नहीं थे। बम फेंकने वालों के मकसद का अबतक कुछ पता नहीं चल सका है।

पश्चिम बंगाल के नॉर्थ-24 परगना से बीजेपी सांसद अर्जुन सिंह के घर के बाहर तीन पेट्रोल बम फेंके गए हैं। हैरानी वाली बात है कि सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना को लेकर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने चिंता जताई।
राज्यपाल धनखड़ ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘पश्चिम बंगाल में हिंसा थमने का कोई संकेत नहीं मिल रहा है। सांसद अर्जुन सिंह के घर बाहर बम धमाके हुए हैं, जो कानून और व्यवस्था के लिहाज से चिंता की बात है। उम्मीद करता हूं कि बंगाल पुलिस की ओर से इस मामले में तत्काल एक्शन लिया जाएगा। उनकी सुरक्षा के मामले को पहले ही सीएम ममता बनर्जी के समक्ष उठाया जा चुका है।’ 


बीजेपी सांसद के घर के बाहर जिस वक़्त हमला हुआ उस वक़्त वह घर पर मौजूद नहीं थे। बम फेंकने वालों के मकसद का अबतक कुछ पता नहीं चल सका है। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और बम फेंकने वालों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। 

बीजेपी सांसद के घर के बाहर हमला ऐसे समय में हुआ है, जब राज्य में चुनाव के बाद हुई हिंसा मामले में सीबीआई की जांच चल रही है। हिंसा के दौरान हत्या और रेप के कई मामलों में सीबीआई ने एफआईआर दर्ज कर कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है। कोलकाता हाई कोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने मामले की जांच शुरू की है।

Desk Team