तेलंगाना की राजधानी में काफी लंबे समय से धर्म युद्ध जैसे हालात देखने को मिल रहे है। देखा जाए तो तेलंगाना में लगातार हो रहे हंगामे के बाद BJP ने भी अपनी प्रतिक्रिया सामने रखी है। तेलंगाना राज्य भाजपा अध्यक्ष बंडी संजय ने गुरुवार को आरोप लगाया कि तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और AIMIM ने राज्य में अशांति पैदा करने की साजिश रची है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुख्यमंत्री, जिन्हें शांति और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, वही कानून उल्लंघन और अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। संजय ने आरोप लगाया कि दिल्ली शराब घोटाले और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा छापेमारी से लोगों का ध्यान हटाने के लिए यह साजिश रची गई थी।
हैदराबाद में प्रदर्शन करने की अनुमति देने के लिए टीआरएस सरकार पर निशाना साधा
भाजपा नेता मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी और राज्य विधायक के. कविता पर लगे आरोपों का जिक्र कर रहे थे कि वह करोड़ों रुपये के दिल्ली शराब घोटाले में शामिल हैं। बंडी संजय, जो लोकसभा सदस्य भी हैं, उन्होंने स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी को हैदराबाद में प्रदर्शन करने की अनुमति देने के लिए टीआरएस सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि कॉमेडियन ने कई बार लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है, इसलिए उनके शो पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। भाजपा नेता ने पूछा, ऐसे व्यक्ति को हैदराबाद में अपना शो आयोजित करने की अनुमति देने की क्या जरूरत थी। सांसद ने दावा किया कि टीआरएस सरकार ने 2,000 पुलिसकर्मियों के साथ फारूकी के शो के लिए सुरक्षा मुहैया कराई थी। उन्होंने कहा, ऐसे व्यक्ति को हैदराबाद में प्रदर्शन करने की अनुमति देना सांप्रदायिक भावनाओं को भड़काने के प्रयास के अलावा और कुछ नहीं था।
भाजपा नेता ने एआईएमआईएम पर भी निशाना साधा
भाजपा नेता ने एआईएमआईएम पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह वोट बैंक की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा, ”बुद्धिजीवी और पुराने हैदराबाद शहर के लोग विकास चाहते हैं लेकिन एआईएमआईएम वोट बैंक की राजनीति कर रही है।” बंडी संजय ने आरोप लगाया कि टीआरएस और एआईएमआईएम दोनों ने कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा कर लोगों का ध्यान भटकाने की साजिश रचने के लिए हाथ मिलाया है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी साजिश से सावधान रहना चाहिए और संयम से काम लेना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



