क्रिकेट जगत के दिग्गज खिलाड़ी और मौजूदा बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली लंबे समय से इस बात को लेकर सुर्खियों में हैं कि बीजेपी पश्चिम बंगाल चुनाव में गांगुली को एक बार फिर मैदान में कप्तान बना सकती है फर्क बस इतना होगा कि इस बार वो चुनावी मैदान में कप्तानी करते दिख सकते हैं। लेकिन गांगुली ने इस पर अब तक सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा है।
हालांकि, एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उन्होंने बीजेपी नेतृत्व को बता दिया है कि वह ना तो राजनीति में उतरना चाहते हैं और ना ही विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। रिपोर्ट में कहा गया है कि सौरव गांगुली ने पिछले महीने बीजेपी के सामने यह साफ कर दिया है कि वह एक्टिव पॉलिटिक्स में शामिल नहीं होना चाहते हैं और क्रिकेट प्रशासक के तौर पर अपनी भूमिका से खुश हैं। जानकारी के मुताबिक गांगुली की ओर से इंकार किए जाने के बाद पार्टी ने उनपर मन बदलने के लिए कोई दबाव नहीं डाला है।
गांगुली की ओर से अभी कोई पुष्टि नहीं कि गयी है। बीजेपी सूत्रों ने इन दावों की ना तो पुष्टि की है और ना ही इससे इंकार किया है। गौरतलब है कि 2019 लोकसभा चुनाव में अभूतपूर्व प्रदर्शन करके ममता बनर्जी की अगुआई वाली तृणमूल कांग्रेस को झटका देने वाली बीजेपी इस बार विधासनभा में बहुमत के लिए जोर लगा रही है। पार्टी को इसके लिए किसी ऐसे चेहरे की तलाश है जिसे ममता बनर्जी को टक्कर दे सके।


Download Android App
Download iOS App



