कर्नाटक से बीजेपी की लोकसभा सदस्य शोभा करंदलाजे ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी नेता बी एस येदियुरप्पा को राज्य विधानसभा में विधायकों का बहुमत में समर्थन प्राप्त है और वह स्थिर सरकार प्रदान करेंगे। कर्नाटक की पूर्व मंत्री और येदियुरप्पा की करीबी सहयोगी माने जाने वाली करंदलाजे ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में इन धारणाओं को खारिज कर दिया कि बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व थोड़ा सावधानी बरतते हुए कोई कदम उठाना चाहता है तथा कुछ और दिन इंतजार करना चाहता है।
उन्होंने कहा, ‘‘येदियुरप्पा ने केंद्रीय नेतृत्व से मंजूरी मिलने के बाद ही सरकार बनाने का दावा पेश किया। वह और केंद्रीय नेता इस मामले में एकमत हैं।’’ कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने आज राज्यपाल वाजूभाई वाला से मुलाकात की और अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने कहा कि वह आज शाम को शपथ लेंगे। वह अकेले शपथ ले सकते हैं।
एचडी कुमारस्वामी नीत कांग्रेस-जद(एस) सरकार मंगलवार को राज्य विधानसभा में विश्वास मत में पराजित होने के बाद गिर गयी। बता दे कि कुमारस्वामी सरकार फ्लोर टेस्ट में फेल हो गई थी। विश्वास मत के दौरान स्पीकर को हटाकर सदन में विधायकों की संख्या 204 थी और बहुमत के लिए 103 का आंकड़ा जरूरी था।
कांग्रेस-जेडीएस के पक्ष में 99 वोट पड़े, जबकि विरोध में 105 वोट पड़े। कुमारस्वामी 14 महीने से 116 विधायकों के साथ सरकार चला रहे थे, लेकिन इसी महीने 15 विधायक बागी हो गए। यहीं से सरकार के लिए मुश्किलें बढ़ गई थीं।


Download Android App
Download iOS App



