बिहार के गोपालगंज जिला के मीरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मवेशी तस्करों के वाहन से कुचलकर दो मछली कारोबारियों की मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया। पुलिस के मुताबिक, पिपरा गांव निवासी मछली कारोबारी हरिशंकर महतो और वीरेश महतो सुबह एक बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे कि गांव के पास ही मवेशी (गाय, बैल) से लदे एक पिकअप वैन ने बाइक को ठोकर मार दी और आगे जाकर सड़क के किनारे पलट गई।
वीरेश महतो ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ा
इस घटना में हरिशंकर महतो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि वीरेश महतो ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड दिया। घटना के बाद पिकअप पर सवार पशु तस्कर भाग निकले। सूचना के बाद जब आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तब तक तीन मवेशियों की भी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मीरगंज-बड़कागांव पथ को जाम कर हंगामा किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन इस रूट से मवेशियों की तस्करी होती है, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है। आज मवेशी तस्करों की लापरवाही से दो मछली कारोबारियों की मौत हो गई। पुलिस और जिला प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाया तो लोग सड़क से हटे।
पशु तस्करों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे
लोग मृतक कारोबारियों को सरकार से मुआवजा और फरार पशु तस्करों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इधर, पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस वाहन के मालिक का पता लगा रही है।


Download Android App
Download iOS App



