पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों के विरोध में आम आदमी पार्टी की जालंधर जिला इकाई ने शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जला कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी के जिला अध्यक्ष शहरी राजविंदर कौर और जिला देहाती प्रधान पि्रंसिपल प्रेम कुमार ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की बेहताशा बढ़ रही कीमतों से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। बढ़ रही महंगाई से आम आदमी को अपना घर खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ हुई कीमतों को वापस लिया जाए ताकि लोगों को महंगाई से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि अगर पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रण में नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी विरोध प्रदर्शन और तेज करेगी।
पंजाब की कैप्टन सरकार पर बरसते हुए राजविंदर कौर और प्रेम कुमार ने कहा कि गत विधानसभा चुनावों में किये गए वादों पर कैप्टन सरकार खरी नहीं उतरी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने युवाओं को फोन देने, घर घर नौकरी और पंजाब से नशे की प्रवृति को खत्म करने का वादा किया था लेकिन पंजाब सरकार एक भी वादा पूरा नहीं कर सकी है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर केजरीवाल की दिल्ली सरकार की तर्ज पर पंजाब में भी मुफ्त पानी, सस्ती बिजली, शानदार स्कूल, आलीशान मोहल्ला क्लीनिक आदि बनाए जाएंगे।


Download Android App
Download iOS App



