चंडीगढ़ और मोहाली में बजा हवाई हमले का सायरन, लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह

Summary :

अमृतसर में सुरक्षा कड़ी, एयरपोर्ट पर विशेष प्रोटोकॉल लागू

चंडीगढ़ और मोहाली में हवाई हमले के सायरन बजने के बाद लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है। भारत-पाक तनाव के चलते पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में हाईअलर्ट जारी है। अधिकारियों ने बताया कि वायु सेना स्टेशन से संभावित हमले के अलर्ट के बाद एहतियातन सायरन बजाए गए।

भारत पाक के बीच तनाव में पंजाब राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में हाईअलर्ट जारी है। इसी बीच चंडीगढ़ और मोहाली में हवाई हमले के सायरन बज रहे है। अधिकारी ने बताया कि स्थानीय वायु सेना स्टेशन से संभावित हमले के बारे में अलर्ट मिलने के बाद एहतियात के तौर पर शुक्रवार को चंडीगढ़ भर में हवाई सायरन बजाए गए। चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर ने जानकारी देते हुए बताया कि संभावित हमले की वायु सेना स्टेशन से एक हवाई चेतावनी मिली है। सायरन बजाए जा रहे हैं। सभी को घर के अंदर रहने और बालकनी से दूर रहने की सलाह दी जाती है।

भारत-पाक तनाव: पंजाब में स्कूल-कॉलेज बंद, परीक्षाएं स्थगित

अमृतसर में जिला जनसंपर्क अधिकारी (डीपीआरओ) ने सभी निवासियों से घर के अंदर रहने, अपनी लाइट बंद रखने और सुरक्षा के लिए अपने पर्दे लगाने का आग्रह किया है। अमृतसर के डीपीआरओ ने कहा कि सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे घर के अंदर रहें और खिड़कियों से दूर रहें, लाइट बंद रखें और खिड़कियों के पर्दे लगा दें। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। अभी सायरन बजेगा और मौसम साफ होने पर हम फिर से संदेश देंगे।

एयरपोर्ट पर पर्याप्त सुरक्षा

आज, अमृतसर में श्री गुरु राम दास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। अगली सूचना तक हवाई अड्डे के सभी कार्य बंद हैं। एयरपोर्ट एसीपी यादविंदर सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट पर पर्याप्त सुरक्षा है। केवल एयरपोर्ट कर्मियों को ही अंदर जाने की अनुमति है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है। ग्रामीणों को पालन किए जाने वाले प्रोटोकॉल के बारे में अवगत कराया गया है। बता दें कि भारतीय सेना ने गुरुवार रात नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं (आईबी) पर बड़े पैमाने पर ड्रोन विरोधी अभियान के दौरान 50 से अधिक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया।

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।