स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पंजाब में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसी कड़ी में अमृतसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए मंगलवार को पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने रेलवे स्टेशन पर चल रहे सर्च ऑपरेशन और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। सर्च अभियान का नेतृत्व आलम विजय सिंह की देखरेख में किया गया, जिसमें हरपाल सिंह, एडीसीपी सिटी-2, ऋषभ भोला, एसीपी नॉर्थ, थाना सिविल लाइन, अमृतसर के प्रमुख अधिकारियों के साथ-साथ जीआरपी, आरपीएफ, एसओजी और एआरपी सहित पुलिस फोर्स की विभिन्न टीमें शामिल थीं।
15 अगस्त को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
इन टीमों ने रेलवे स्टेशन की घेराबंदी कर सभी प्रवेश और निकास मार्गों की गहन जांच की। स्टेशन के अंदर और बाहर हर कोने की तलाशी ली गई। स्निफर डॉग्स और एंटी-सैबोटेज पुलिस टीमों ने स्टेशन पर संदिग्ध वस्तुओं की जांच की, जबकि यात्रियों के बैग और सामान की बारीकी से तलाशी ली गई। सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कंट्रोल रूम से निगरानी की गई। संदिग्ध व्यक्तियों से गहन पूछताछ की गई और उनकी पूरी जानकारी दर्ज की गई। इसके अलावा स्टेशन के आसपास और पार्किंग में खड़े वाहनों की मालिकाना जांच वाहन ऐप के माध्यम से की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
वाहनों की चेकिंग जारी
पुलिस कमिश्नरेट, अमृतसर ने शहर के सभी एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर 24 घंटे शिफ्टिंग नाकाबंदी लागू की है। नाइट डोमिनेशन को और बढ़ाया गया है, जिसमें हर आने-जाने वाले वाहन की बारीकी से जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की गहन पूछताछ के बाद उनके विवरण को दर्ज किया जा रहा है। शहर की चारदीवारी के भीतर भीड़-भाड़ वाले बाजारों में पुलिस द्वारा पैदल गश्त को और सख्त किया गया है।
अलर्ट मोड पर पुलिस
इसके साथ ही क्विक रिएक्शन टीम्स (क्यूआरटी) और स्वाट टीमों की संख्या बढ़ाकर उन्हें आधुनिक हथियारों से लैस किया गया है। ये टीमें संवेदनशील स्थानों पर तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। पुलिस कमिश्नर भुल्लर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


Download Android App
Download iOS App



