पंजाब : CM चन्नी को केजरीवाल का जवाब, बोले-काला हूं तो क्या हुआ दिलवाला हूं, नीयत साफ है मेरी…

Summary :

पंजाब में विधानसभा चुनावों को देखते हुए आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं।

पंजाब में विधानसभा चुनावों को देखते हुए आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज उन्होंने पंजाब के गुरदासपुर में लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर जमकर हमला बोला।
मुख्यमंत्री चन्नी के काले अंग्रेज वाले बयान पर पलटवार करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैंने ऐलान किया कि 18 साल से अधिक उम्र की हर महिला को हम 1,000 रुपए हर महीने देंगे। चन्नी साहब बोले कि केजरीवाल काला है, ये उल्टी सीधी बातें करता है। मैं काला हूं तो क्या हुआ दिलवाला हूं, मेरी नीयत साफ है।

अवैध रेत खनन पर केजरीवाल ने पंजाब CM को घेरा, कहा-चन्नी मालिक हैं या उनकी उसमें पार्टनरशिप

केजरीवाल ने आगे कहा, ‘फिर चन्नी साहब बोले कि इसके कपड़े कितने खराब है, ये कैसे-कैसे कपड़े पहनता है। मेरे कपड़े जैसे हैं, ठीक हैं लेकिन जिस दिन हजार-हजार रुपये मिलने के बाद ये मेरी मां-बहनें नया सूट पहनकर आएंगी तो मेरा दिल खुश हो जाएगा। तब नया सूट पहनकर चन्नी साहब को दिखाइएगा कि ये मेरे काले भाई ने दिलवाया है नया सूट हमको। महिलाओं को हजार रुपये का वादा कैप्टन का कार्ड नहीं, केजरीवाल की गारंटी है। हर घर जाएंगे, घर-घर जाएंगे, जो भी महिला हर महीने हजार रुपये चाहेंगी, उनका रजिस्ट्रेशन होगा।’
दरअसल, पिछले दिनों पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने आम आदमी पार्टी पर हमला करते हुए कहा था कि ये ‘काले अंग्रेज’ पंजाब पर कब्जा करना चाहते हैं। लेकिन जब लोगों ने गोरे अंग्रेजों को देश से भगा दिया तो क्या इन काले अंग्रेजों को यहां आकर राज करने देंगे? चन्नी के इसी बयान को लेकर केजरीवाल हर चुनावी सभा में पंजाब सीएम पर हमला कर रहे हैं।

Desk Team