CM मान को औजला की नसीहत, डिपोर्ट भारतीयों के मुद्दे पर कीचड़ नहीं हल ढूंढें

Summary :

औजला की नसीहत: कीचड़ नहीं, समाधान ढूंढें सीएम मान

अमेरिका से डिपोर्ट किए गए भारतीयों को लेकर दूसरा विमान शनिवार रात अमृतसर पहुंचेगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर पंजाब को बदनाम करने का आरोप लगाया। इस बीच, अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने सीएम मान को नसीहत देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को कीचड़ फेंकने की बजाय समस्या का हल ढूंढना चाहिए।

कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, “पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कहते हैं कि पंजाब को बदनाम किया जा रहा है। मैं उन्हें बताना चाहूंगा कि पंजाब में कई मुद्दे हैं, जिनके लिए पंजाब पहले ही बदनाम हो चुका है। पंजाब में नशा, सट्टा, फिरौती, गोलीबारी, नकली दूध, नकली दवाइयां समेत अनेक ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर ध्यान देने की जरूरत है। पंजाब में बेरोजगारी जैसे मुद्दे पर भी बात होनी चाहिए, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान सिर्फ आरोप लगा रहे हैं। मैं उनसे यही कहूंगा कि उन्हें दूसरों पर कीचड़ फेंकने की बजाय समस्या का हल ढूंढना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “डिपोर्ट किए गए भारतीय अमृतसर आ रहे हैं। इसलिए उनके जहाज को यहां लाने के मुद्दे पर बात करने की बजाय मुख्यमंत्री को इस समस्या का हल ढूंढना चाहिए। जो लोग लाखों रुपये लगाकर विदेश गए थे और अब ऐसे हालातों में वापस आ रहे हैं, उन लोगों के पुनर्वास की बात की जानी चाहिए, उन्हें रोजगार देना चाहिए, ताकि वे देश और अपनी तरक्की के लिए काम कर सकें।”

सांसद गुरजीत सिंह औजला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मान से अपील की कि देश के नागरिकों को पूरी इज्जत के साथ वापस लाया जाए, क्योंकि किसी भी देश की असली संपत्ति उसके नागरिक होते हैं।

उन्होंने कहा कि पहले भाजपा सरकार और अब आम आदमी पार्टी की सरकार एक ही राग अलापते हैं कि पिछली सरकारों ने कुछ नहीं किया, जबकि सत्ता उनके हाथ में है। जहां कमी लगती है, उसे ठीक करें। पंजाब को इस लायक बनाएं कि युवाओं को विदेश न जाना पड़े।

उल्लेखनीय है कि बीते दिनों मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा था कि डिपोर्ट किए गए भारतीयों के जहाज को अमृतसर लाकर पंजाब को बदनाम किया जा रहा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.