पूर्व रेल मंत्री पवन कुमार बंसल ने कहा है कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में सिटी ब्यूटीफुल के विकास के लिये जो कुछ किया उसकी बराबरी बीजेपी कभी नहीं कर सकती। बीजेपी ने तो शहर को दस पीछे कर दिया। पवन कुमार बंसल का कांग्रेस कार्यालय में पार्टी अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ ने लोकसभा प्रत्याशी चुने जाने पर स्वागत करते हुए आज कहा कि पिछले पांच सालों में बीजेपी की विफल नीतियों के खिलाफ कांग्रेस जनता के बीच हमेशा संघर्ष करती रही।
इस मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पवन कुमार बंसल ने कहा कि चंडीगढ़ की कल्पना पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु ने की थी वो अपने आप में एक स्मार्ट सिटी थी। जब जब कांग्रेस के हाथ में चंडीगढ़ की बागडोर रही शहर हमेशा ही नंबर एक पर रहा लेकिन अ़फसोस इस बात का है कि बीजेपी ने पिछले पांच सालों में शहर को विकास की दौड़ में दस साल पीछे धकेल दिया।
उन्होंने कहा कि हाल ही में स्वच्छता की रैंकिंग में शहर 20 वें स्थान पर खिसक जाने पर निराशा हुई। हमने मेट्रो पर काम किया उसके सर्वे हुए, इसके लिए निवर्तमान सांसद किरण खेर ने कहा था कि वो मेट्रो लायेंगी, उस वक्त के शहरी विकास मंत्री एम् वेंकैया नायडू ने भी चंडीगढ़ मेट्रो को तेजी से लाने की बात कही थी साथ ही तत्कालीन राज्यपाल कप्तान सिंह ने भी इसके लाये जाने पर स्वागत योज्ञ बताया था, लेकिन बाद में खुद किरण खेर इस बात से पीछे हट गईं।
पवन कुमार बंसल ने कहा की शहर की खराब कानून व्यवस्था के लिए पूरी बीजेपी जिम्मेदार है और खास कर बीजेपी प्रधान संजय टंडन जो अपने आवास पर अधिकारियों की बैठक तो करते थे लेकिन उसका हल कभी नहीं निकाल पाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर काम करने की बात पर जोर देते हुए कहा कि ये चुनाव सबका है और सभी सांसद होंगे। इस मौके पर पूर्व मेयर सुभाष चावला ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता आज एकजुट है और पवन कुमार बंसल की जीत पक्की है।


Download Android App
Download iOS App



